LPU में छात्रा से कथित दुष्कर्म की अफवाह पर बवाल, छात्रों ने नेशनल हाईवे किया जाम; जांच में जुटी पुलिस
फगवाड़ा (पंजाब)। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की खबर सोशल मीडिया पर फैलने के बाद रविवार तड़के भारी छात्र प्रदर्शन शुरू हो गया। गुस्साए छात्रों ने कैंपस परिसर में तोड़फोड़ की और बाद में चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना की तथ्यात्मक जांच अभी जारी है और यह अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि कैंपस के भीतर छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ या नहीं।
जांच व कार्रवाई की स्थिति
जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि रविवार सुबह करीब 2 बजे सोशल मीडिया पर कथित दुष्कर्म की खबर फैलने के बाद छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया।
डीआईजी सिंगला ने कहा, "हमने यहां फोर्स को मोबिलाइज किया, जिसमें मैं खुद और हमारी रेंज के सभी एसएसपी शामिल थे। मौके पर पहुंचने के बाद हमें पता चला कि उनकी मुख्य शिकायत तीन दिन पहले यानी 24 सितंबर को एक छात्रा के साथ हुए कथित दुष्कर्म को लेकर थी।"
अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, और जांच जारी है।
पीड़िता और हॉस्टल से जुड़ी जानकारी
पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रही थी, लेकिन कथित घटना के बाद वह अपने घर लौट चुकी है। डीआईजी सिंगला ने बताया कि पुलिस को छात्रा का बयान मिल चुका है, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। डीआईजी ने कहा, "हमें अब जानकारी और उसका बयान मिल गया है, और एक मामला दर्ज किया गया है।"
फोरेंसिक और तकनीकी जांच पर जोर
डीआईजी सिंगला ने स्पष्ट किया कि जांच को पूरी तरह वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम एफआईआर की तकनीकी जांच करेंगे, जिसमें फोरेंसिक, सीसीटीवी और फोन एनालिसिस शामिल है। इसके अलावा, यह जांच छात्र प्रतिनिधियों के परामर्श से आगे बढ़ाई जाएगी।"
छात्रों की प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारी छात्रों ने हॉस्टल स्टाफ में बदलाव की मांग की है। छात्राओं की मांग है कि महिला हॉस्टल में पूरी तरह महिला स्टाफ ही तैनात किया जाए। डीआईजी सिंगला ने कहा, "छात्रों की कुछ और भी मांगें हैं। जैसे कि छात्राओं ने अनुरोध किया है कि महिला हॉस्टल का पूरा स्टाफ महिला ही हो। तो कुछ ऐसी विशेष मांगें हैं, और हम प्रबंधन के साथ बैठकर यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें पूरा किया जाए।"
प्रशासन के साथ बैठक तय
अधिकारियों ने बताया कि छात्र प्रतिनिधि इस मामले को लेकर दोपहर 12 बजे LPU प्रशासन के साथ बैठक करेंगे, जिसमें छात्रों की मांगों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा होने की उम्मीद है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अमृतसर में खालिस्तान-समर्थक नारे लगाने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार; पुलिस का दावा - अमेरिका से जुड़ा है मामला