लखनऊ में मेडिकल टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएंः मुख्य सचिव
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। गोमती नगर स्थित हेल्थसिटी विस्तार सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर का आज शनिवार को दूसरा स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर आयोजित समारोह में मुख्य सचिव एसपी गोयल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने अस्पताल के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरा होने पर प्रबंधन और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा बड़ी संख्या में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नई सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं तथा अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों को निरंतर शामिल किया जाना सराहनीय है।
यूपी में स्वास्थ्य क्षेत्र ने पकड़ी रफ्तार
मुख्य सचिव ने कहा कि विगत वर्षों में उत्तर प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। लखनऊ में मेडिकल टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएं हैं। शहर में सार्वजनिक क्षेत्र में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान तथा किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान उपलब्ध हैं। इसके साथ ही निजी क्षेत्र में भी अनेक उत्कृष्ट एवं अत्याधुनिक अस्पताल तथा चिकित्सा सुविधाएं विकसित हुई हैं।
लखनऊ को मेडिकल टूरिज्म हब बनाने की जरूरत
उन्होंने कहा कि लखनऊ को देश-विदेश के मरीजों के लिए एक प्रमुख मेडिकल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए सभी संबंधित संस्थानों एवं हितधारकों को मिलकर एक समन्वित रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है। विशेष रूप से खाड़ी देशों, दक्षिण एशिया तथा अन्य देशों से मरीजों को लखनऊ की ओर आकर्षित करने के लिए संगठित एवं सुनियोजित प्रयास किए जा सकते हैं।
विदेशी मरीजों के लिए एकीकृत व्यवस्था पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि इसके लिए अस्पतालों, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र, ट्रैवल एजेंसियों, संबंधित सरकारी विभागों तथा अन्य सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर प्रभावी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। ऐसी व्यवस्था हो, जिसके माध्यम से विदेशी मरीजों को वीजा संबंधी आवश्यकताओं, यात्रा एवं आवास, अस्पताल में भर्ती, सर्जरी एवं उपचार, स्थानीय परिवहन तथा उपचार के बाद की आवश्यक सेवाओं में समुचित सहायता उपलब्ध हो सके। इससे विदेशी मरीजों के लिए उपचार की पूरी प्रक्रिया सरल, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुव्यवस्थित बनाई जा सकेगी।
मेडिकल टूरिज्म से कई क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की समन्वित पहल से न केवल अस्पतालों एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि होटल, पर्यटन, विमानन, परिवहन तथा अन्य संबद्ध क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ेगा और उत्तर प्रदेश सहित देश की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विस्तार एवं आधुनिकीकरण के साथ मेडिकल टूरिज्म को भी एक प्रमुख क्षेत्र के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। लखनऊ इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
आने वाले समय में और विस्तार की तैयारी
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने अस्पताल का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, अत्याधुनिक उपकरणों एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में हेल्थसिटी विस्तार के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप कपूर ने कहा कि अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य केवल एक नए अस्पताल की शुरुआत करना नहीं, बल्कि लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों में अस्पताल ने इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आने वाले समय में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं उन्नयन का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर सीएम योगी ने बरसाए फूल, हेलिकॉप्टर से भी हुई पुष्पवर्षा