लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, हिरासत में लिए गए 100 से अधिक आरोपी
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी साइबर अपराध विरोधी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। गोमतीनगर स्थित समिट बिल्डिंग में संचालित फर्जी कॉल सेंटर पर देर रात क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर चलाया जा रहा था ग्लोबल ठगी नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार कई देशों तक जुड़े होने की बात सामने आई है। गिरोह विदेशी नागरिकों को तकनीकी सहायता, बैंकिंग और अन्य सेवाओं के नाम पर झांसा देकर साइबर ठगी करता था। पुलिस को आशंका है कि नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहा था। पूरी कार्रवाई एडीसीपी (क्राइम) किरन यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और कई थानों की संयुक्त टीम ने की।
भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण बरामद, हवाला और बैंक खातों की जांच शुरू
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सर्वर, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस विदेशी संपर्कों, बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट और हवाला के जरिए हुए लेनदेन की भी जांच कर रही है। पूरे साइबर नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन पड़ताल जारी है। पुलिस फिलहाल सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में जल्द विस्तृत प्रेस वार्ता कर बड़े खुलासे किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: तेंदूखेड़ा में नाबालिग से दुष्कर्म: बच्ची को जन्म देने के बाद खुला राज, आरोपी राजा लोधी गिरफ्तार