मध्यप्रदेश: पीएम आवास सर्वे में रोजगार सहायक पर गड़बड़ी करने का आरोप
शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम सिरसौद में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने सर्वेयर प्रीति लोधी और रोजगार सहायक दिनेश नागर के खिलाफ कलेक्टर को शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और दोबारा सर्वे कराने की मांग की है।
अपात्र लोगों को शामिल करने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची तैयार करने के दौरान कथित रूप से पैसे लेकर अपात्र लोगों के नाम शामिल किए गए, जबकि पात्र परिवारों को सूची से बाहर कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं ने सर्वे प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में रोजगार सहायक दिनेश नागर पर अपने परिवार के करीब 8 से 10 सदस्यों के नाम आवास सूची में शामिल कराने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सूची और सर्वे का निष्पक्ष सत्यापन कराया जाए तो कथित अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम सिरसौद में प्रधानमंत्री आवास योजना का दोबारा सर्वे कराया जाए, पात्रता की जांच की जाए और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।