मध्य प्रदेश में मानसिक स्वास्थ्य पर उच्च शिक्षा विभाग की बड़ी पहल
भोपाल। प्रदेश में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ा और अहम कदम उठाया है। अब राज्य के सभी सरकारी और निजी कॉलेजों में छात्रों की मानसिक देखभाल के लिए हेल्पलाइन और काउंसलर की व्यवस्था अनिवार्य होगी। इस संबंध में विभाग की ओर से नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
तनाव, अवसाद को देखकर फैसला
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, बढ़ते तनाव, अवसाद और मानसिक दबाव के मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। नए निर्देशों के तहत सभी शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रशिक्षित काउंसलर की नियुक्ति की जाएगी, ताकि छात्र अपनी समस्याओं को खुलकर साझा कर सकें और समय रहते उन्हें मदद मिल सके।
कॉलेज में हेल्पलाइन नंबर जारी होंगे
इसके साथ ही कॉलेजों में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्र तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। विभाग ने संस्थानों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समय-समय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग सेशन और वर्कशॉप का आयोजन किया जाए।
छात्रों में बढ़ेगा आत्मविश्वास
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे पढ़ाई के दबाव, करियर तनाव व निजी समस्याओं से बेहतर तरीके से निपट सकेंगे। यह कदम छात्र हित में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/nuclear-arms-control-agreement-between-america-and-russia-ends/132101