प्राप्त जानकारी के अनुसार, हताहत हुई भेड़ें स्थानी

मध्य प्रदेश : मैहर में तेंदुए का आतंक, बाड़े में घुसकर 8 भेड़ों को बनाया शिकार

मैहर (मध्य प्रदेश) । कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुलुवा में जंगली तेंदुए के हमले से भारी तबाही देखने को मिली है। देर रात एक हिंसक तेंदुए ने बाड़े में बंधे भेड़ों के झुंड पर अचानक हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेंदुए के इस हमले में 8 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

पालक को भारी आर्थिक नुकसान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हताहत हुई भेड़ें स्थानीय निवासी रामसोहन पाल उर्फ बिद्दू की बताई जा रही हैं। पीड़ित पशुपालक अपने परिवार का जीविकोपार्जन इन्हीं भेड़ों के सहारे करता था। रात के समय तेंदुए के बाड़े में घुसकर हमला करने से पीड़ित का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सुबह जब परिजन बाड़े में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए; चारों तरफ मृत और लहूलुहान भेड़ें पड़ी हुई थीं।

गांव में फैला दहशत का माहौल

घटना की खबर फैलते ही ग्राम गुलुवा में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। तेंदुए की इस चहलकदमी और आक्रामक रुख से ग्रामीणों में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब भी आसपास के जंगलों या झाड़ियों में छिपा हो सकता है, जिससे इंसानों और अन्य मवेशियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

मुआवजे और पिंजरा लगाने की मांग

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग की टीम को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक रामसोहन पाल को तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए। इसके साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में जल्द से जल्द पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की गुहार लगाई गई है ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।

इसे भी पढ़ेंः  ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े अवैध साइबर कॉल सेंटर का भंडाफोड़, इंदौर से छह लोग गिरफ्तार