मध्य प्रदेश: जमीन के लिए युवक ने कर दी सास की हत्या, फिर गढ़ी झूठी कहानी
सिंगरौली । सिंगरौली जिले की बरगवां थाना पुलिस ने अंधी हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपनी लकवाग्रस्त सास की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही सास की संदिग्ध मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
खुद पुलिस के पास पहुंचा था शातिर कातिल
घटनाक्रम के अनुसार, दिनांक 22 अगस्त 2026 को आरोपी राजेन्द्र प्रसाद यादव (40 वर्ष), निवासी मझिगवां ने बरगवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास भानमती यादव (52 वर्ष) की उसके घर पर अज्ञात कारणों से मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण संदिग्ध पाए जाने पर मामला गंभीर हो गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन में एसडीओपी रोशनी कुर्मी व थाना प्रभारी अनिल कुमार पटेल की अगुवाई में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जमीन नाम न करने पर की हत्या
तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के दौरान आरोपी राजेन्द्र यादव टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने वर्ष 2025 में सोनमती से विवाह किया था। मृतका भानमती की कोई अन्य संतान न होने के कारण वह अपनी बेटी और दामाद के साथ ही रह रही थी।
लकवाग्रस्त थी सास
भानमती को 4-5 साल पहले लकवा मार गया था, जिससे वह चल-फिर नहीं सकती थी। आरोपी लगातार सास पर जमीन अपने नाम से रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहा था, लेकिन भानमती इंकार कर देती थी। इसी नाराजगी में 21-22 अगस्त की सुबह सास को अकेला पाकर उसने अपने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इसे भी पढ़ेंः मोहन भागवत के अमेरिका दौरे पर सियासत तेज: न्यूयॉर्क में RSS कार्यक्रम का विरोध और नाना पटोले के बयानों पर मचा बवाल