इस दर्दनाक हादसे में दुकान के बाहर खड़ी एक चार पहि

मध्यप्रदेश: सिंगरौली में गंगा किराना स्टोर में लगी भीषण आग, कार समेत 4 वाहन खाक

आग से जली कार

​सिंगरौली: ​जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगढ़ इलाके में देर रात एक बड़ी दुर्घटना घटी, जहां प्रसिद्ध गंगा किराना स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरी किराना दुकान, अनाज गोदाम और उससे सटा आवासीय हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दुकान के बाहर खड़ी एक चार पहिया कार और तीन मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह तबाह हो गईं।

घटना के वक्त मची अफरा-तफरी

​घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार का माहौल उत्पन्न हो गया। गनीमत यह रही कि स्थानीय सतर्क लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दुकान और घर के अंदर फंसे लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। ​पीड़ित दुकानदार गंगा पांडेय के अनुसार, इस आगजनी में दुकान का सारा सामान, अनाज और वाहन जलने से लगभग 70 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और मामले की जांच में जुट गया है। ​इस भयंकर अग्निकांड से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट में है। स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित गंगा पांडेय परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस भारी संकट से उबर सकें।

इसे भी पढ़ेंः   बैतूल में दो पक्षों के बीच जमकर चले पत्थर, 18 लोगों पर केस दर्ज; घटना के बाद दहशत में शहरवासी