मध्यप्रदेश : जोगी टिकरिया के पास संत की कुटिया में भीषण आग, लाखों की सामग्री जली
डिंडोरी : जिला मुख्यालय से महज छह किलोमीटर दूर ग्राम जोगी टिकरिया स्थित बाल हनुमान मंदिर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब संत पवन दास त्यागी महाराज की कुटिया में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी कुटिया उसकी चपेट में आ गई और धुएं तथा आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं।
आग लगने के समय कुटिया में नहीं कोई
जानकारी के अनुसार घटना के समय पवन दास त्यागी महाराज कुटिया से लगभग एक किलोमीटर दूर चाय पीने गए हुए थे। कुटिया में कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण आग लगने की जानकारी देर से मिल सकी। प्रत्यक्षदर्शियों ने धधकती आग देखकर तत्काल ग्राम जोगी टिकरिया पहुंचकर महाराज को सूचना दी। इसी दौरान मुख्य मार्ग से गुजर रहे कुछ पत्रकारों की नजर कुटिया से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आसपास रखे पानी से भरे डिब्बों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और राहत कार्य में जुट गए।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अमला मौके पर पहुंचा। आगजनी की इस घटना में कुटिया में रखा फर्नीचर, धार्मिक सामग्री, दैनिक उपयोग का सामान तथा अन्य वस्तुएं सहित नगदी जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।