अस्पताल की एक्स-रे मशीन लंबे समय से बंद होने के का

मध्य प्रदेश : संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के अस्पताल में एक्स-रे बंद

पिछले 15 दिन से खराब पड़ी मशीन

उमरिया । बिरसिंहपुर पाली संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में संचालित एमपीईबी अस्पताल में पिछले करीब 15 दिनों से एक्स-रे मशीन बंद पड़ी है। मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए बाहर भेजा जा रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त परेशानी के साथ आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है।

मरीजों को निजी अस्पतालों का लेना पड़ रहा सहारा

संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का केंद्र है। ऐसे में अस्पताल की एक्स-रे मशीन लंबे समय से बंद होने के कारण मरीजों को जांच के लिए निजी या अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। दुर्घटना, हड्डी से जुड़ी चोट या अन्य ऐसी स्थिति में जहां तत्काल एक्स-रे की जरूरत होती है, वहां मरीजों को अस्पताल से बाहर भेजना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। बताया गया है कि अस्पताल में लगी एक्स-रे मशीन मैनुअल है। पिछले करीब 15 दिनों से तकनीकी खराबी के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। मशीन बंद होने से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को डॉक्टरों की सलाह पर बाहर जाकर एक्स-रे कराना पड़ रहा है।

तकनीकी खराबी से 15 दिन से बंद है मशीन

इस संबंध में चिकित्सा अधिकारी मीना शर्मा ने बताया कि एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है, जिसके कारण यह लगभग 15 दिनों से बंद है। मशीन को ठीक करने के लिए आवश्यक सामान मंगाया गया है। सामान उपलब्ध होते ही मशीन को चालू कर दिया जाएगा। चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया कि अस्पताल में पुरानी मैनुअल एक्स-रे मशीन की जगह डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी चल रहा है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद अस्पताल को डिजिटल मशीन मिलने की संभावना है।

जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग

डिजिटल मशीन आने से मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक एक्स-रे जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद है। कर्मचारियों और मरीजों का कहना है कि जब तक नई डिजिटल मशीन उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक मौजूदा मशीन को जल्द से जल्द दुरुस्त कराकर जांच सुविधा बहाल की जानी चाहिए। अब देखना होगा कि तकनीकी खराबी का सामान अस्पताल को कब तक मिलता है और एक्स-रे सुविधा दोबारा कब शुरू होती है।

इसे भी पढ़ेंः   मध्य प्रदेश: जमीन के लिए युवक ने कर कर दी सास की हत्या, फिर गढ़ी झूठी कहानी