मथुरा में बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
मथुरा (उत्तर प्रदेश)। थाना मगोर्रा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी हरीश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मां मनसा देवी धाम कॉलोनी की प्लॉटिंग के पास सड़क किनारे घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमल निवासी सीकरी, जिला डींग राजस्थान तथा हाशिम निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, कोसीकलां बताए। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से स्प्लेंडर प्लस, रॉयल एनफील्ड बुलेट और हीरो एक्सट्रीम समेत तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर थाना मगोर्रा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाशिम के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमल किशोर, चौकी प्रभारी अंकित कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, ईरान समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में