महासमुंद के पटपरपाली में गांजा तस्करी के संदेह में

महासमुंद में गांजा तस्करी के शक में पुलिस कार्रवाई, एक गिरफ्तार और दुसरा फरार

Mahasamund: One Arrested in Suspected Ganja Smuggling, Partner Escapes

महासमुंद (छत्तीसगढ़)। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरपाली के पास शुक्रवार सुबह गांजा तस्करी के संदेह में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ देर तक आरोपियों और पुलिस के बीच भागम-भाग की स्थिति बनी रही।

स्कूटी में गांजा लेकर जा रहे थे दो युवक, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

बताया जा रहा है कि दो युवक स्कूटी में प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर जा रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगने के बाद टेमरी नाका के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक स्कूटी लेकर वहां से भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया।

स्कूल की बाउंड्री फांदकर भागा आरोपी, साथी पुलिस के हत्थे चढ़ा

पीछा करते हुए पुलिस ग्राम पटपरपाली स्थित स्कूल के पास पहुंची। यहां पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी स्कूल की बाउंड्री फांदकर भागने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

स्कूटी से गांजा बरामद, 10 से 15 किलो होने का अनुमान

पुलिस कार्रवाई के दौरान स्कूटी में प्लास्टिक की बोरी में गांजा बरामद होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर गांजे की मात्रा करीब 10 से 15 किलो के आसपास होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक मात्रा का खुलासा पुलिस द्वारा गांजे की विधिवत तौल और जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस की भागदौड़ से गांव में मची अफरा-तफरी, मौके पर जुटी भीड़

घटना सुबह के समय गांव के पास होने के कारण कुछ ही देर में इसकी जानकारी ग्रामीणों को हो गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई भागदौड़ से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

पकड़े गए युवक से पूछताछ जारी, फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांजा कहां से लाया जा रहा था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल गांजे की सही मात्रा और मामले से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस की तौल एवं जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।  

यह भी पढ़े:   औरंगाबाद पुलिस की कार्रवाई में वाहन से 429 लीटर देशी शराब बरामद, तस्कर फरार