मध्यप्रदेश के महेश्वर में निमाड़ की एकमात्र भगवान

महेश्वर में भगवान जगन्नाथ का नगर भ्रमण, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत

Jagannath Yatra 2026

खरगौन: मध्य प्रदेश में खरगौन जिला के महेश्वर में गुरुवार को निमाड़ की एकमात्र भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। पेशवा मार्ग स्थित जगन्नाथ धाम से प्रारंभ हुई यात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा को विधि-विधान से रथ में विराजित किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान जगन्नाथ पाक्षिक बीमारी से स्वस्थ होने के बाद अपने भक्तों का हाल-चाल जानने और नगरवासियों को दर्शन देने के लिए रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। 

यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे पूरे उत्साह के साथ हुए शामिल

इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान का रथ खींचकर आर्शीवाद लिया। पूरे नगर में "जय जगन्नाथ" के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भगवान के दर्शन के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया गया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक लोक नृत्य ने पूरी यात्रा को भगवान जगन्नाथ की बारात का स्वरूप दे दिया, जिसमें महिला, पुरुष, युवा और बच्चे पूरे उत्साह के साथ झूमते और नाचते हुए शामिल हुए।

एक घंटे तक नगर भ्रमण करेगी यह यात्रा

लगभग 500 मीटर लंबी यह यात्रा एक घंटे तक नगर भ्रमण करेगी। यात्रा का समापन मंदिर परिसर में होगा। यात्रा में गुरु माता जगतगिरी, महंत संत हृदयगिरी महाराज और क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव ने भगवान की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल, महादेव पाटीदार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जबकि पुलिस प्रशासन पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा। 

ये भी पढ़ें- राजगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की चाकू से हत्या, फिर पति ने फांसी लगाकर दी जान