IGRS शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, 13 अधिकारियों के वेतन पर रोक
महोबा (उत्तर प्रदेश)। जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने कड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के साथ जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक कर IGRS/जनसुनवाई पोर्टल की जुलाई माह की रैंकिंग और अगस्त की पाक्षिक प्रगति की गहन समीक्षा की।
जुलाई रैंकिंग में खराब प्रदर्शन पर वेतन रोकने के निर्देश
समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता से संपर्क न करने और असंतुष्ट फीडबैक मिलने वाले मामलों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को 25 अगस्त तक व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए। जुलाई माह की रैंकिंग में खराब प्रदर्शन करने वाले करीब 13 अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।
नियमों के तहत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई करें और IGRS पर प्राप्त शिकायतों का शिकायतकर्ता से संपर्क कर नियमानुसार संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान गवाहों के हस्ताक्षर और फोटोग्राफ सहित पूरी आख्या IGRS पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में महिला पर फावड़े से हमला, आरोपी गिरफ्तार