मैहर में खेत विवाद ने लिया खूनी रूप, पड़ोसियों के संघर्ष में एक की मौत, दो गंभीर घायल
मैहर {मध्य प्रदेश}: मध्य प्रदेश के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा बाउर में खेत की जमीन को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में 58 वर्षीय एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खेत विवाद ने बढ़ाया मामला
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत गांव के पंचायत भवन के पास स्थित खेत की जमीन को लेकर हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
लाठी-डंडों से हमला, मौके पर हुई मौत
मारपीट के दौरान विश्राम साकेत (58) के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में घायल हुए दो अन्य लोगों को रामनगर थाना पुलिस ने तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपियों पर मामला दर्ज, गांव में पुलिस तैनात
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े: भाजपा कार्यालय के सामने 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी