मैहर में तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत से एक की मौत, 3 गंभीर घायल
मैहर (मध्य प्रदेश)। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेला-गोविंदगढ़ मार्ग पर खजरी कोठार के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बेला और गोविंदगढ़ की ओर से दो मोटरसाइकिलें आ रही थीं। खजरी कोठार के समीप दोनों बाइक अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
इलाज के दौरान 55 वर्षीय रज्जन की मौत
सूचना मिलते ही मुकुंदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल (SGMH) भेजा। यहां उपचार के दौरान मुकुंदपुर निवासी 55 वर्षीय रज्जन चिकवा ने दम तोड़ दिया।
तीन घायलों की हालत गंभीर
हादसे में नंदू चिकवा निवासी मुकुंदपुर, रवि केवट निवासी खजूरी और बंदू कोल निवासी खजूरी सुखनंदन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का रीवा के संजय गांधी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद ताला थाना एवं मुकुंदपुर चौकी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: बिजली तार चोरी गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ में 4 गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली