फौजी और उसकी पत्नी के दोहरे हत्याकांड में 25 हजार का इनामी मुख्य आरोपी गौरव सिकरवार गिरफ्तार
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। सादाबाद में हुए चर्चित फौजी वो उसकी पत्नी के दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी गौरव सिकरवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पीली धातु की दो कान की बालियां, दो कुंडल, दो चूड़ियां और छह हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
हत्या के बाद घर में लूट
पुलिस के अनुसार सादाबाद कस्बे के इस्लामनगर मोहल्ले में शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की उनके मकान की पहली मंजिल पर धारदार और नुकीले हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर की अलमारी और बक्सों को खंगालकर आभूषण, नकदी और घड़ी भी लूट ली गई थी।
मृतक के भाई ने थाने में दी थी तहरीर
घटना के संबंध में मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर 27 सितंबर को थाना सादाबाद में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की सात टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर को इस मामले में दो आरोपियों और आरोपी दूसरी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
सभी आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
पूछताछ में गौरव सिकरवार का नाम मुख्य सूत्रधार के रूप में सामने आया था। इसके बाद एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गौरव समेत अन्य आरोपी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सीओ सादाबाद ने बताया कि पुलिस ने सादाबाद क्षेत्र के सरौठ बंबा से गौरव सिकरवार को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ेंः डीह थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक टेकारी स्टेट कोर्ट से अष्टधातु की मूर्तियां और सोने का मुकुट चोरी