सिंगरौली में बड़ा हादसा टला, बच्चों से भरी स्कूल बस दलदल में लुढ़की; ग्रामीणों ने बचाई जान
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिले के माडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोयलखुथ में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ 'सविता सरस्वती पब्लिक स्कूल' के मासूम बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दलदल में नीचे लुढ़क गई। घटना के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने खिड़कियों से सुरक्षित निकाले मासूम
हादसा होते ही मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने गजब की तत्परता और साहस का परिचय दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए बस की खिड़कियों के रास्ते एक-एक करके सभी स्कूली बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी बच्चों को सकुशल बचा लिया गया, जिससे एक भीषण त्रासदी टल गई। हालांकि, घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
चालक की लापरवाही की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के पीछे बस चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अचानक संतुलन बिगड़ने से बस सड़क से उतरकर नीचे दलदल में धंसते हुए लुढ़क गई। फिलहाल, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल बसों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
इस खौफनाक घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश और चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस, नियमित यांत्रिक जांच, ड्राइवरों की योग्यता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में मासूमों की जिंदगी के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो।
यह भी पढ़ेंः बाराबंकी में 15 साल से जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीण, बोले- रोड नहीं तो वोट नहीं