सिरोही के मावल में पुलिस ने ईको कार की डिक्की से 1

ईको कार से 11.3 किलो डोडा-पोस्त बरामद, गुजरात के दो आरोपी गिरफ्तार

Major Action at Maval: 11.3 Kg Doda Post Seized, Two Arrested

सिरोही (राजस्थान)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबूरोड रीको पुलिस ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए मावल पुलिस चौकी पर नाकाबंदी के दौरान एक ईको कार से 11 किलो 300 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मामले में कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान कार की डिक्की से मिला डोडा-पोस्त

पुलिस के अनुसार 13 अगस्त 2026 को मावल चौकी पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सघन नाकाबंदी एवं वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक ईको कार को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में एक प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखा 11 किलो 300 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए ईको कार में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गुजरात के दो युवकों को डोडा-पोस्त तस्करी के आरोप में पकड़ा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केवाभाई पुत्र गणेशभाई रेबारी, उम्र 47 वर्ष, निवासी गोधणी, थाना दाता, जिला बनासकांठा गुजरात तथा देवराज सिंह पुत्र दशरथजी राउल, उम्र 23 वर्ष, निवासी वडला वाली ओर चाणसोल, थाना खेरालू, जिला मेहसाणा गुजरात के रूप में हुई है।

एक दिन पहले शराब तस्करी पर भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

खास बात यह है कि आबूरोड रीको पुलिस ने 14 अगस्त को ही शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मावल चौकी पर गुजरात की ओर जा रहे बंद बॉडी कंटेनर से 402 कार्टून अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की थी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।

लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

लगातार हुई इन बड़ी कार्रवाइयों से शराब और मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे गुजरात में किसे सप्लाई किया जाना था। तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई, तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का दावा

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान एवं वृत्ताधिकारी आबूराज बृजेश कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के नेतृत्व में आबूरोड रीको पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़े:   14 अगस्त को ब्लैक डे मनाएं: बलूच नेता मीर यार बलूच की अपील, पाकिस्तान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप