रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 54 किलो सिंथेटिक मिठाई जब्त
उमरिया: रक्षाबंधन से पहले मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में मिठाई दुकानों पर अचानक कार्रवाई की। गांधी चौक के पास स्थित शिवालय होटल में जांच के दौरान करीब 54 किलो संदिग्ध सिंथेटिक मिठाई मिलने से हड़कंप मच गया। विभाग ने मिठाई को जब्त कर नष्ट कराया और अनियमितताएं मिलने पर प्रतिष्ठान को तीन दिन के लिए सील कर दिया।
तीन दिन के लिए सील कर दिया गया मिष्ठान भंडार
एसडीएम अम्बिकेश प्रताप सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिवालय होटल के दुकान परिसर और गोदाम की जांच की। टीम को वहां बड़ी मात्रा में संदिग्ध सिंथेटिक मिठाई मिली। खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण में अनियमितताएं पाए जाने के बाद विभाग ने करीब 54 किलो मिठाई का विनिष्टीकरण कराया। कार्रवाई के बाद शिवालय मिष्ठान भंडार को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया। त्योहार से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से शहर के अन्य मिठाई कारोबारियों में भी हलचल देखी गई।
मिठाइयों और मेवों की जांच की गई
शिवालय होटल के बाद टीम संजय मार्केट स्थित राजा स्वीट्स पहुंची। यहां मिठाइयों और मेवों की जांच की गई और अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विभाग की ओर से जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्री का विनिष्टीकरण भी कराया गया है। अब प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि लिए गए नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे मिठाईयों के सैंपल
खाद्य निरीक्षक मंजू वर्मा ने बताया कि शिवालय होटल से 54 किलो संदिग्ध मिठाई नष्ट कराई गई है और प्रतिष्ठान को तीन दिन के लिए सील किया गया है। राजा स्वीट्स से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। रक्षाबंधन के चलते बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ गई है। ऐसे में विभाग ने मिलावटी खोवा, सिंथेटिक मिठाई, नकली मेवे और अन्य अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर नजर रखने के लिए जांच अभियान तेज किया है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में शहर के अन्य मिठाई प्रतिष्ठानों और खाद्य दुकानों की भी जांच की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि त्योहार की मिठास में मिलावट करने वालों पर इस बार कार्रवाई का शिकंजा कसने वाला है।
ये भी पढ़ें- कोतवाल डैम में मछली पकड़ने पहुंचे तीन युवक डूबे, दो लापता