ऑनलाइन सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई, 'शिवा बुक' का मुख्य सरगना गिरफ्तार
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई,(छत्तीसगढ़)। पुलिस को ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने "शिवा बुक" नामक ऑनलाइन सट्टा एप का संचालन करने वाले फरार मुख्य सरगना को रायपुर जिले के तिल्दा से गिरफ्तार किया है। आरोपी से लैपटॉप, मोबाइल और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
"शिवा बुक" नामक ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा एप चलाता था आरोपी
जिले के छुईखदान थाना पुलिस ने ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरार आरोपी तरुण वर्मा को तिल्दा से गिरफ्तार किया है। आरोपी "शिवा बुक" नामक ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा एप का संचालन करता था तथा पूरे नेटवर्क को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराता था।
चार अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि राहुल देवांगन ने तरुण वर्मा से "शिवा बुक" का पैनल खरीदा था और इसके एवज में तरुण वर्मा को कारोबार का 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपी ने करीब 8 से 10 लाख रुपये कमीशन मिलने की बात भी स्वीकार की है।
गैंबलिंग में इस्तेमाल हुआ मोबाइल फोन नष्ट
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, एसबीआई की पासबुक, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड और इंडसइंड बैंक का एटीएम कार्ड जब्त किया है। लैपटॉप की जांच में ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस का कहना है, कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने गैंबलिंग में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था, लेकिन डिजिटल जांच में उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिल गए। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील
केसीजी पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी पढ़ेंः बूंदी में बुलडोजर कार्रवाई, चाकूबाजी के आरोपियों के अवैध मकान किए ध्वस्त