होशियारपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए न

होशियारपुर में ड्रग्स और अवैध हथियारों का बड़ा भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

Major Drug and Arms Bust in Hoshiarpur, 4 Arrested

होशियारपुर (पंजाब)। होशियारपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों से जुड़े एक बड़े अंतर-राज्यीय/विदेशी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोमवार को यहां बताया कि पुलिस ने इस मॉड्यूल के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्ज़े से 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो विदेशी पिस्तौलें, आठ मैगज़ीन और 40 ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं।

विदेशी गैंगस्टरों के सीधे संपर्क में थे गुर्गे

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान होशियारपुर के पथरालियां गांव के निवासी मंजिंदर सिंह उर्फ ​​सोनू, जालंधर के धीना के निवासी शिवम भंडारी, गुरदासपुर के पखोके ताहली गांव के साहिल मसीह उर्फ ​​मोनू और होशियारपुर के गढ़शंकर के रामेल रोजर के रूप में हुई है। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के सीधे संपर्क में थे। उनके स्थानीय हैंडलर के तौर पर काम कर रहे थे, जो इस क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति में मदद कर रहे थे।

घेराबंदी कर कार से बरामद की गई खेप

DGP ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के कड़ियों का पता लगाने तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की जाँच जारी है। ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए, होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संदीप कुमार मलिक ने बताया कि एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर, पुलिस टीमों ने गढ़शंकर क्षेत्र में एक विशेष चेकपॉइंट स्थापित किया था। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान, शक के आधार पर एक I-20 कार को रोका गया, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गाड़ी से हेरोइन तथा हथियारों की खेप बरामद की गई।

जांच में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद

SSP ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक, साहिल मसीह, आदतन अपराधी है और बटाला जिले में पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना में भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां और बरामदगियां होने की संभावना है। जारी बयान के अनुसार, इस संबंध में होशियारपुर के गढ़शंकर पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/business/us-iran-peace-talks-stall-stock-market-ends-flat/175941

अमेरिका-ईरान शांतिवार्ता अधर में, शेयर मार्केट हुआ फ्लैट बंद