NEET परीक्षा को लेकर बिहार में बड़े सॉल्वर गैंग का

बिहार में NEET परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, 7 सॉल्वर समेत 24 गिरफ्तार

Gang Busted

लखीसराय: NEET परीक्षा को लेकर बिहार में बड़े सॉल्वर गैंग का खुलासा हुआ है। लखीसराय में तीन परीक्षा केंद्रों से सात सॉल्वर के साथ 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक बायोमेट्रिक कंपनी के 14 कर्मी भी शामिल हैं।

30 लाख रुपये में हुआ था सौदा

पुलिस जांच में सामने आया है कि असली परीक्षार्थियों की जगह सॉल्वर बैठाने के लिए 30 लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। परीक्षा में धांधली के लिए सुनियोजित तरीके से पूरी व्यवस्था तैयार की गई थी।

मेडिकल कॉलेजों के छात्र बने सॉल्वर

गिरफ्तार किए गए सॉल्वर बिहार और उत्तर प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेजों के छात्र बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इन्हें असली अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने के लिए लगाया गया था।

गया मेडिकल कॉलेज का छात्र निकला सरगना

जांच में इस सॉल्वर गैंग का सरगना अर्पित सामने आया है, जो गया मेडिकल कॉलेज का छात्र है। पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

2024 के NEET पेपर लीक मामले से भी जुड़ा नाम

अर्पित का नाम वर्ष 2024 के चर्चित NEET पेपर लीक मामले में भी सामने आया था। उस दौरान मामले की जांच कर रही CBI ने अर्पित राज से पूछताछ भी की थी।

पुलिस कर रही नेटवर्क की गहन जांच

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।

यह भी पढ़े: अदिति यादव पर आपत्तिजनक पोस्ट मामला: कानपुर साइबर पुलिस ने मध्य प्रदेश से आरोपी को किया गिरफ्तार