औरंगाबाद में पुलिस का बड़ा अभियान, 38 गिरफ्तार और 100 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद
औरंगाबाद,(बिहार)। जिले में अपराध पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर सोमवार की रात सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य मार्गों से लेकर लिंक रोड और गली-मोहल्लों तक पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाकर संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी। अभियान के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की से लेकर जरूरी कागजातों तक की बारीकी से जांच की गई। पुलिस का उद्देश्य अवैध हथियार, शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाना था। रातभर चली इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा।
फरार वारंटियों और आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी
अपराधियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न थानों की पुलिस ने फरार वारंटियों और आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने 100 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की। इस मामले में 11 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए चलाए विशेष अभियान
एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें। एसपी ने कहा कि औरंगाबाद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।" इस अभियान से जिले में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और अपराधियों में खौफ का माहौल है।
यह भी पढ़ेंः मथुरा में पुलिस मुठभेड़ के बाद हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार