पाली तहसील क्षेत्र में प्रस्तावित कोयला खदान और कि

पाली में कोयला खदान के विरोध में आज किसानों का बड़ा आंदोलन

Major protest by farmers today in Pali against the coal mine

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। पाली तहसील क्षेत्र में प्रस्तावित कोयला खदान और किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ आज मंगलवार को बड़ा आंदोलन करेगा। संगठन के आह्वान पर किसान रेलवे चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेंगे और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। आंदोलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है।

 पहले भी कई बार जिला प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

भारतीय किसान संघ का कहना है कि पाली क्षेत्र में प्रस्तावित कोयला परियोजना को लेकर किसानों ने पहले भी कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे और अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। संगठन का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली के कारण किसानों की शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है।

किसानों के मुद्दों की अनदेखी

संघ ने आरोप लगाया है, कि किसानों की खेती, पर्यावरण और आजीविका से जुड़े मुद्दों की अनदेखी कर औद्योगिक परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। संगठन का कहना है कि किसान देश का अन्नदाता है, लेकिन आज उसे अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है।

कलेक्टर स्वयं उपस्थित होकर किसानों की समस्याएं सुनें

भारतीय किसान संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कलेक्टर स्वयं उपस्थित होकर किसानों की समस्याएं सुनें और उनके निराकरण के लिए ठोस कदम उठाएं। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन प्रशासन को किसानों की समस्याओं से अवगत कराने का प्रयास है। यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

प्रशासन और पुलिस सतर्क

आंदोलन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी सतर्क है। रेलवे चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं ताकि मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। भारतीय किसान संघ ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किसानों के इस प्रदर्शन और घेराव के बाद जिला प्रशासन उनकी मांगों पर क्या निर्णय लेता है।

यह भी पढ़ेंः रायबरेली में करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत