सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, ITBP अधिकारी समेत दो की मौत; कई घायल
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर झबीरन कट के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में ITBP अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए पिलखनी स्थित अस्पताल भेजा।
झबीरन के पास अचानक वाहन हुआ अनियंत्रित
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो-एन वाहन में तीन लोग सवार होकर मसूरी से अंबाला की ओर लौट रहे थे। बताया गया कि झबीरन के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी दिशा से आ रही स्विफ्ट कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए।हादसे में स्कॉर्पियो में सवार अंबाला निवासी ITBP अधिकारी परमिंदर सिंह (45) और उनके चालक रवि शंकर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उपचार के लिए तत्काल पिलखनी अस्पताल भेजा
पुलिस ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए पिलखनी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अधिकारी के साथ मौजूद गनर जयराम समेत दूसरी गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई शुरू
हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सहारनपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर भी पिलखनी अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना किस कारण हुई, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ें: महिलाओं के लिए ट्रेंडी गहने: बदलते फैशन में इन ज्वेलरी डिजाइनों का बढ़ा क्रेज