उमरिया के करकेली क्षेत्र में चोरों ने राजा ज्वेलर्

उमरिया में राजा ज्वेलर्स की दुकान में बड़ी चोरी, शटर तोड़कर लाखों के जेवर ले गए चोर

Major Theft at Raja Jewellers in Umaria, Thieves Break Shutter and Escape With Jewellery

उमरिया (मध्य प्रदेश)। जिले के करकेली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने ब्लॉक रोड स्थित राजा ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने दी चोरी की सूचना

जानकारी के अनुसार जब स्थानीय लोग ब्लॉक रोड से गुजर रहे थे तो उन्होंने राजा ज्वेलर्स की दुकान का शटर टूटा हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल दुकान संचालक राजा सोनी को दी गई। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। दुकान का निरीक्षण करने पर पता चला कि चोरों ने शटर का एक हिस्सा तोड़कर उसे ऊपर उठाया और उसी रास्ते से अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे कीमती जेवरात और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी भी चुरा ले गए चोर 

दुकान संचालक ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, लेकिन चोर उसे भी निकालकर अपने साथ ले गए। इससे साफ है कि वारदात को पूरी योजना और सतर्कता के साथ अंजाम दिया गया। फिलहाल चोरी गए माल का पूरा आकलन नहीं हो सका है। पुलिस जांच और स्टॉक मिलान के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोर कितने लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हुए हैं।

अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही राजा सोनी ने नौरोजाबाद थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि करकेली नगर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। 

यह भी पढ़ेंः जसवंतनगर में युवक से मारपीट कर 12 हजार रुपये लूटने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी