जशपुर में खेत के पास मिला नर हाथी का शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में वन विभाग ने एक नर हाथी का शव बरामद किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत हल्दीमुंडा-ढोढीआरा गांव के करीब एक खेत में आज सुबह एक नर दंतैल हाथी का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि ढोढीआरा गांव निवासी संतोष राम आज सुबह लगभग 7.30 बजे अपने खेत की ओर गए थे। इस दौरान उन्होंने खेत के समीप एक हाथी का शव देखा। बाद में उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंचा और हाथी का शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सक दल की मौजूदगी में हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया गया है। इसके साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों और वहां से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। क्षेत्र के वन मंडल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मृत हाथी की उम्र 10 से 15 वर्ष के मध्य है। जांच पूरी होने के बाद ही हाथी की मौत के संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों से कहा गया है कि वह वन्यजीवों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।
ये भी पढ़ें: ‘काला’ या ‘मोटा’ कहने मात्र से तलाक का आधार नहीं: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट