बांधवगढ़ सफारी में अचानक पर्यटकों के सामने आया मेल टाइगर, कैमरे में कैद हुआ रोमांचक नजारा
उमरिया (मध्य प्रदेश)। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में इन दिनों जंगल सफारी पर्यटकों के लिए रोमांच से भरपूर बनी हुई है। कोर जोन हो या बफर क्षेत्र, वन्यजीवों की मौजूदगी लगातार पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। रविवार को धमोखर स्क्रैच मार्ग पर सफारी के दौरान एक मेल टाइगर अचानक पर्यटकों के सामने आ गया। बाघ को इतनी नजदीक से देखकर सफारी वाहन में बैठे पर्यटकों के बीच उत्साह का माहौल बन गया।
कुछ देर तक बाघ मार्ग पर शांत अंदाज में चलता रहा
बताया गया कि सफारी के दौरान पर्यटक वाहन धमोखर स्क्रैच मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान जंगल की ओर से एक मेल टाइगर निकलकर सड़क के करीब पहुंच गया। कुछ देर तक बाघ मार्ग पर शांत अंदाज में चलता रहा। पर्यटकों ने वाहन रोककर सुरक्षित दूरी से इस पूरे नजारे को कैमरे में कैद किया। बाघ के सड़क पार कर जंगल की ओर बढ़ते ही पर्यटकों के लिए यह सफारी यादगार बन गई।
बाघ अचानक सड़क दिखा
इस रोमांचक दृश्य का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाघ को सड़क के आसपास विचरण करते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। बांधवगढ़ आने वाले पर्यटकों के लिए बाघ का जंगल में अचानक दिखाई देना किसी रोमांचक फिल्मी दृश्य से कम नहीं होता।
बफर जोन में भी मिल रहा वन्यजीवों का रोमांच
बांधवगढ़ में केवल कोर जोन ही नहीं, बल्कि बफर क्षेत्र की सफारी भी इन दिनों पर्यटकों को खूब रोमांचित कर रही है। बफर में जंगल का अलग स्वरूप, शांत वातावरण और वन्यजीवों की गतिविधियां सफारी को खास बना रही हैं। कई बार पर्यटकों को यहां बाघ, तेंदुआ, भालू, गौर सहित अन्य वन्यजीवों की झलक मिल जाती है।
बाघ शांत तरीके से जंगल की ओर लौटा
धमोखर मार्ग पर मेल टाइगर का यह नजारा भी इसी रोमांच का हिस्सा रहा। बाघ के शांत तरीके से जंगल की ओर लौट जाने के बाद पर्यटकों ने राहत की सांस ली। वहीं कैमरे में कैद हुआ यह नजारा अब बांधवगढ़ की रोमांचक सफारी की एक और याद बन गया है।
यह भी पढ़ेंः बांग्लादेश में राजनीतिक विरोधियों की लंबी हिरासत पर HRW की चिंता, सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग