संगरूर रैली से कांग्रेस का पंजाब शंखनाद, खड़गे बोले- पंजाब जीते तो पूरा देश जीत लेंगे
संगरूर (पंजाब)। पंजाब के संगरूर में आयोजित 'इंसाफ रैली' से कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने राजनीतिक अभियान का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र देते हुए कहा कि पंजाब की जीत ही देश भर में कांग्रेस की विजय का मार्ग प्रशस्त करेगी।
कांग्रेस की इस विशाल रैली की अगुआई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं। रैली के जरिए पार्टी राज्य में अपना नया जनाधार तलाशने और 2027 के चुनाव का रोडमैप पेश करने की कोशिश में है।
वोट चोरी और संस्थाओं पर हमले का आरोप
संगरूर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने रामलीला मैदान में लाखों लोगों को जुटाकर 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाया था। उन्होंने साफ कर दिया था कि देश में चुराए गए वोटों के दम पर सरकारें चलाई जा रही हैं।"
खड़गे ने बीजेपी और आरएसएस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना सबसे जरूरी है, क्योंकि बिना वोट के आम नागरिक पूरी तरह शक्तिहीन हो जाता है।
भगवंत मान और केजरीवाल पर तीखे प्रहार
आप सरकार पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा, "आज भगवंत मान जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह पंजाब की जनता के वोट की वजह से है। अगर वोट का अधिकार ही छीन लिया जाए तो न भगवंत मान वहां होंगे और न ही केजरीवाल को हर महीने 'हफ्ता' वसूलने का मौका मिलेगा।"
उन्होंने आगे कहा, "अपने 60 साल के सार्वजनिक जीवन में मैंने इतनी भ्रष्ट सरकार नहीं देखी। पंजाब से जनता का पैसा दिल्ली भेजा जा रहा है। AAP असल में बीजेपी की B-टीम है, जो गुजरात और गोवा की तरह हर जगह हमारे रास्ते में रोड़ा अटकाती है।"
नशे और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा
खड़गे ने भगवंत मान सरकार को नशे और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि इस सरकार ने युवाओं और किसानों का भविष्य तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा, "इन्होंने पहले दिल्ली को बर्बाद किया और अब पंजाब को तबाही की कगार पर ला खड़ा किया है। ऐसे लोगों को सबक सिखाना बेहद जरूरी है।"
इससे पहले कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने खड़गे और राहुल गांधी का स्वागत करते हुए इंसाफ रैली को राज्य के लिए "उम्मीद की नई किरण" करार दिया। (इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाली मानसिकता आज पूरे पंजाब में घूम रही है: संगरूर में बोले राहुल गांधी