ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाया बंगाल का अपमान करने का आरोप
कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नाम लिए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे देश के लिए बंगाल के अवदान को कितना जानते है। वे हमेशा बंगाल का अपमान करते रहे हैं। उनका नाराजगी इस बात को लेकर है कि लोकसभा में बंकिमचंद्र को बंकिमदा कहा गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुरूलिया जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर लगातार पश्चिम बंगाल की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और कहा कि पश्चिम बंगाल की भाषा बांग्ला है। बांग्ला बोलने वालों को बांग्लादेशी कह दिया जाता है। रबींद्रनाथ ठाकुर, बंकिमचंद्र, विद्यासागर, विवेकानंद, सुभाष चंद्र जैसे व्यक्तित्व का अपमान किया जाता है। उन्होंने कहा कि रबींद्रनाथ और बंकिमचंद्र की कविताओं का विस्तार से चर्चा की और उन्हें राष्ट् के लिए समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल केंद्र सरकार के इस रवैये को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
चुनाव आयोग पर फिर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग की ओर से पश्चिम बंगाल के बीडीओ, सीओ और दूसरे अधिकारियों को आधी रात को नौकरी ले लेने की धमकी दी जाती है। सरकारी अधिकारियों को आतंकित किया जा रहा है। एसआइआर की वजह से अब तक 41 लोगों की जाने गईं। तीन बीएलओ ने आत्महत्याएं कर ली। काम के बोझ से कितने बीएलओ अस्वस्थ हो गए हैं। हर दिन उन पर काम का बोझ लादा ज रहा है।
काम के बोझ से परेशान होकर BLO कर रहे आत्महत्या: ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि केवल पश्चिम बंगाल में ही नहीं, दूसरे जिन राज्यों में एसआइआर हो रहा है, उन राज्यों में भी बीएलओ काम के बोझ से परेशान होकर उनकी आत्महत्या की घटनाएं हुई। चुनाव आयोग को इसकी कोई परवाह नहीं है। उन्होने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह पश्चिम बंगाल में भाजपा को जिताने के लिए बीएलओ समेत तमाम सरकारी अधिकारियों को परेशान कर रही है।