राज्यपाल सीवी आनंद बोस का अचानक इस्तीफा, ममता बोलीं– 'दाल में कुछ काला'
कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निवर्तमान राज्यपाल सीवी आनंद बोस से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीवी आनंद बोस को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से अचानक हटाने के पीछे दाल में कुछ काला है। इसकी जांच होनी चाहिए।
राज्यपाल को अचानक दिल्ली बुलाकर लिया इस्तीफा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सीवी आनंद बोस सिलीगुड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मूं के कार्यक्रम में जाने वाले थे। सिलीगुड़ी जाने के लिए राज्य सरकार ने उनके लिए हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया था। लेकिन उन्हें अचानक दिल्ली बुला लिया गया और उनसे इस्तीफा भी ले लिया गया।
मतभेद के बावजूद राज्यपाल के प्रति रहा सम्मान
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद सीवी आनंद बोस लोकभवन (राजभवन) नहीं गए। वे किसी होटल में ठहरना चाहते थे। लेकिन उन्होंने (ममता बनर्जी ने) उनसे सरकारी गेस्ट हाउस “सौजन्य” में ठहरने का अनुरोध किया। सीवी आनंद बोस ने उनके अनुरोध का मान रखा। ममता बनर्जी ने कहा कि सीवी आनंद बोस के राज्यपाल रहते विभिन्न मुद्दों पर मतभेद था लेकिन उनके प्रति सम्मान रहा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनसे विधानसभा चुनाव में वोट देने के लिए कोलकाता आने का अनुरोध किया। वे वोट देने कोलकाता आएंगे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/cm-nayab-saini-slams-mamata-over-farmers-issues/148527