शादी का झांसा देकर युवती से धोखाधड़ी का आरोप, फरार युवक आरा जंक्शन से गिरफ्तार
औरंगाबाद (बिहार)। शादी का सपना दिखाकर एक युवती से धोखाधड़ी करने वाले युवक को महिला थाना की पुलिस ने आरा जंक्शन से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर नाला रोड जेड चौक के रहने वाले राजवीर सिंह उर्फ सागर के रूप में की गई है। वहीं युवती औरंगाबाद शहर के शाहपुर की रहने वाली है। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए, लेकिन बाद में किसी और से शादी कर लिया।
युवती ने महिला थाना में 7 मई 2026 को शिकायत कर न्याय की गुहार
घटना सामने आने के बाद युवती ने महिला थाना में 7 मई 2026 को शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता का कहना है कि जिस युवक पर उसने विश्वास किया और जिसके साथ अपने भविष्य के सपने देखे, उसी ने उसे बीच रास्ते में छोड़ दिया। इस घटना के बाद युवती मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी और न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस के पास पहुंची है। महिला थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की, और त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली से आरा आने के क्रम में आरा जंक्शन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शादी का सपना दिखाकर युवती से धोखाधड़ी
उन्होंने बताया कि शादी का सपना दिखाकर युवती से धोखाधड़ी और अवैध शारीरिक संबंध बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह काफी दिनों से फरार चल रहा था। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कड़ी मशक्कत के बाद आरा जंक्शन से गिरफ्तार किया गया। युवती का आरोप है कि युवक ने उसके भरोसे का फायदा उठाया और उसे लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। पीड़िता के अनुसार, युवक ने उसे झूठे वादों में उलझाए रखा और अंत में उसके साथ विश्वासघात किया।
किसी पर भी विश्वास करने से पहले उसकी पूरी जानकारी जुटाना जरूरी
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि किसी भी व्यक्ति पर विश्वास करने से पहले उसकी पूरी जानकारी जुटाना कितना जरूरी है। पीड़िता के लिए यह घटना केवल कानूनी मामला नहीं है, बल्कि भावनात्मक आघात भी है। किसी पर विश्वास करने के बाद जब वही व्यक्ति धोखा देता है तो इसका असर मानसिक स्थिति पर भी पड़ता है।
यह भी पढ़ेंः चंदौली में 11 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार