शादी में फर्जी माता-पिता बनाकर ठगी का आरोप, दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार
शिवपुरी,(मध्य प्रदेश)। के नरवर तहसील के गढ़ोली निवासी राजेन्द्र सिंह सिकरवार ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके पुत्र गुरबाज सिंह की शादी फर्जी माता-पिता बनाकर कराई गई और बाद में दुल्हन नकदी व सोने की चेन लेकर फरार हो गई। उन्होंने मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
17 जुलाई 2026 को दुल्हन घर से चली गई
आवेदन के अनुसार, वर्ष 2015 में परिचितों के माध्यम से आरती उर्फ लवप्रीत नाम की युवती से गुरबाज सिंह का रिश्ता तय कराया गया था। आरोप है, कि शादी के दौरान युवती के माता-पिता के रूप में कुछ अन्य लोगों को प्रस्तुत किया गया। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी साथ रह रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि 17 जुलाई 2026 को दुल्हन घर से करीब ₹1 लाख नकद और सोने की चेन लेकर चली गई। परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शादी कराने वाले लोग अब संपर्क में नहीं
बाद में पुलिस जांच में कथित रूप से युवती के बताए गए माता-पिता की पहचान पर संदेह सामने आया। शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिस ने ₹52,000 नकद और सोने की चेन बरामद कर उन्हें वापस दिलाई, जबकि शेष राशि का अभी तक पता नहीं चल सका है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी कराने वाले लोग अब संपर्क नहीं कर रहे हैं तथा शिकायतकर्ता के परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरती उर्फ लवप्रीत सहित नामजद आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: बलिया में पुलिस-गौवंश तस्करों की मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार