सिंगरौली में शिक्षिका को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म और लाखों की उगाही का आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। शिक्षिका को प्यार के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने, लाखों रुपये हड़पने और लगातार दुष्कर्म करने वाले आरोपी राजेश कुमार साहू (29) को थाना जियावन पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पीड़िता के निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसकी मंगेतर को भेजकर शादी तुड़वाने का गंभीर अपराध किया था।
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता पहुंची थाने
ग्राम छिवा निवासी आरोपी राजेश साहू लंबे समय से शिक्षिका को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने न केवल महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और बार-बार दुष्कर्म किया, बल्कि पैसों की उगाही भी की। जब पीड़िता की शादी तय हुई, तो आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया और मंगेतर को भेजकर शादी तुड़वा दी। तंग आकर पीड़िता ने परिजनों के साथ थाना जियावन पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
डिजिटल साक्ष्य जप्त, बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 64(1), 64(2)(m), 308(4) (रंगदारी), 78(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(E) व 67 के तहत केस दर्ज किया। आरोपी से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य विधिवत जप्त किए गए हैं।
यह भी पढ़ेंः कोरबा में तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की भीषण टक्कर, 4 घायल