झालावाड़ में अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई, देशी कट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार
झालावाड़ (राजस्थान)। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावर थाना पुलिस ने एक आरोपी को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अवैध हथियारों पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध हथियार, मादक पदार्थ और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत जावर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गश्त के दौरान संदिग्ध युवक से बरामद हुआ देशी कट्टा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं वृत्ताधिकारी मनोहरथाना कैलाश चन्द्र (आरपीएस) के निर्देशन में थानाधिकारी सुनील वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान बरड़ी मार्ग पर ग्राम धनवास के पास संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ।
राजाराम गुर्जर गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजाराम गुर्जर (32) पुत्र भूरालाल गुर्जर, निवासी धनवास, थाना जावर, जिला झालावाड़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह (टीम प्रभारी), कांस्टेबल राजबीर सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र तथा चालक कांस्टेबल प्रेमलाल शामिल रहे। कार्रवाई में सूचना संकलन के लिए कांस्टेबल राजबीर सिंह की विशेष भूमिका रही।
यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में खेत में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका पर जांच शुरू