राजनांदगांव में शादी का झांसा देकर शोषण के आरोपी को पुलिस ने तीन घंटे में पकड़ा
राजनांदगांव,(छत्तीसगढ़)। जिले के बागनदी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शोषण किया, जिससे वह आठ माह की गर्भवती हो गई। बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
बागनदी थाना में लिखित शिकायत दर्ज
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को पीड़िता अपने परिजनों के साथ बागनदी थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सड़क चिरचारी निवासी 21 वर्षीय खुमेन्द्र कुमार श्याम उर्फ कुणाल श्याम ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता आठ माह की गर्भवती हो गई तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र तीन घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः जसवंतनगर में प्रैक्टिकल परीक्षा देने निकली छात्रा लापता, पुलिस तलाश में जुटी