बलिया जिले में उभांव थाना क्षेत्र में आपसी विवाद म

बलिया में मारपीट में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने तीन टीमों का किया गठन

जांच करती पुलिस

बलिया (उत्तर प्रदेश)। जनपद के थाना उभांव क्षेत्र अंतर्गत कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ के पास मारपीट में गंभीर रूप से घायल उमेश चौरसिया की इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उभांव में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमों का गठन किया है।

चिकित्सकों ने मृत किया घोषित

घटना 14 सितंबर 2026 की रात करीब 8:00 बजे की है। मृतक के भतीजे चंदन के अनुसार, पड़ोसी गांव के रहने वाले विपिन और उसके साथियों ने कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ पर उमेश चौरसिया के साथ विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उमेश के सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी उभांव ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है और तनाव को देखते हुए पुलिस बल सतर्क है।

मृतक के भतीजे चंदन ने दी तहरीर

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ पर मारपीट की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें उमेश चौरसिया के सिर पर लाठी की चोट लगी थी। सीएचसी उभांव में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के भतीजे चंदन की तहरीर के आधार पर थाना उभांव में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 पुलिस टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः अभिनेत्री जीन स्मार्ट ने 'हैक्स' के लिए जीता पांचवां सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का एमी पुरस्कार, रचा इतिहास