प्रतापगढ़ में दीपावली की रात हत्या, भाइयों का झगड़ा शांत कराने पहुंचे व्यक्ति की मौत
प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे धुनु डेरवा गांव में दीपावली की रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। दो सगे भाइयों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे अधेड़ की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि मारपीट के बाद उनका गला दबाकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे रिश्तेदार की हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बता दें, मामला महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे धुनु डेरवा गांव का है।
बीच-बचाव करने पहुंचे फूफा से मारपीट
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात करीब नौ बजे गांव के रहने वाले रोहित पटेल का अपने छोटे भाई मोहित पटेल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों के बीच हो रहे झगड़े और शोरगुल को सुनकर पड़ोस में रहने वाले अमृतलाल पटेल मौके पर पहुंच गए। रिश्ते में फूफा लगने वाले अमृतलाल का मकसद दोनों भाइयों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराना था, लेकिन बीच-बचाव करना उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। आरोप है कि रोहित पटेल ने विवाद शांत कराने पहुंचे अमृतलाल पटेल के साथ ही मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
इसके बाद उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घर में कोहराम मच गया। सूचना पर महेशगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे राजेंद्र की तहरीर पर आरोपी रोहित पटेल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें- जौनपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार युवक घायल, दो की हालत गंभीर