खुद को कलेक्ट्रेट स्टाफ बताकर एक व्यक्ति द्वारा ठग

'मैं कलेक्ट्रेट स्टाफ हूं' कहकर युवक से 5.32 लाख ठगे, लाइसेंस और हथियार दिलाने का किया वादा; पीड़ित ने SP से लगाई गुहार

Youth Cheated With License Promise

औरंगाबाद {बिहार}: खुद को कलेक्ट्रेट स्टाफ बताकर एक व्यक्ति द्वारा ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में फेसर थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी रमाकांत कुमार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर गोह थाना क्षेत्र के नवीन कुमार उर्फ बाबा पर 5 लाख 32 हजार 500 रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी इसी तरह जिले के कई लोगों से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है और उस पर पहले से कई केस दर्ज हैं।

आर्म्स लाइसेंस दिलाने का दिया झांसा

मिली जानकारी के अनुसार, आवेदन में रमाकांत ने बताया कि वह आर्म्स लाइसेंस बनवाने कलेक्ट्रेट गया था। वहां नवीन कुमार उर्फ बाबा मिला और खुद को आर्म्स कार्यालय का कर्मचारी बताकर विश्वास में ले लिया। आरोपी ने कहा कि वह लाइसेंस बनवा देगा और हथियार भी दिलवा देगा, जिसके लिए 5 लाख 50 हजार रुपये लगेंगे। इसके लिए उसने 3 जुलाई 2025 को शाम 4 बजे आर्म्स कार्यालय बुलाया।

फोनपे और बैंक खाते में लिए लाखों रुपये

विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने 4 जुलाई 2025 से लेकर 26 जून 2026 तक फोनपे के जरिए अलग-अलग तारीखों में 2 लाख 32 हजार 500 रुपये लिए। वहीं 12 अगस्त को अपनी बेटी के HDFC बैंक खाते में 3 लाख रुपये भी जमा करवा लिए। पीड़ित के अनुसार, आरोपी व्हाट्सएप पर फाइल DM को भेजने और लाइसेंस जल्द जारी होने का भरोसा देता रहा। उसने हथियारों की तस्वीरें, कीमत और आयुध कार्यालय के फोटो भी भेजे।

पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप

जब लंबे समय तक लाइसेंस नहीं बना और पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। अब वह फोन भी नहीं उठा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी कहता है कि उसने पैसे संबंधित अधिकारियों में बांट दिए हैं, इसलिए पैसे चाहिए तो उन्हीं से जाकर ले लो।

दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उससे सादे कागज, रेवेन्यू टिकट और स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवा लिए हैं, जिनके दुरुपयोग की आशंका है। इसे लेकर वह काफी डरा हुआ है। रमाकांत कुमार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर पैसे वापस दिलाने और हस्ताक्षर किए गए दस्तावेजों के दुरुपयोग को रोकने की मांग की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़े: होटल कर्मचारी की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप! पोस्टमार्टम बिना शव भेजने का आरोप