सड़क हादसे में घायल राजकुमार की ढाई साल बाद इलाज के दौरान मौत, परिवार ने मांगी आर्थिक मदद
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। थाना क्षेत्र के अंधरपुरवा पुल के पास मई 2024 में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक राजकुमार की लंबी बीमारी और इलाज के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद से ही राजकुमार जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। करीब ढाई साल तक चले इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बहराइच में इलाज के दौरान उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
गंभीर रूप से घायल हुआ था राजकुमार
जानकारी के मुताबिक, नरकटुवा गांव निवासी करीब 40 वर्षीय राजकुमार मई 2024 में अंधरपुरवा पुल के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकोना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था।
बहराइच और लखनऊ में चला इलाज
परिजनों ने राजकुमार के बेहतर इलाज के लिए लगातार प्रयास किए। हादसे के बाद से उसका इलाज बहराइच और लखनऊ में भी चलता रहा। परिवार को उम्मीद थी कि लंबे इलाज के बाद राजकुमार स्वस्थ होकर घर लौटेगा, लेकिन उनकी यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजकुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचने लगे। लंबे समय तक इलाज कराने में परिवार को किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा, इसका दर्द परिजनों के चेहरों पर साफ दिखाई दिया। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि इस मुश्किल घड़ी में परिवार को कुछ राहत मिल सके। ढाई साल तक जिंदगी बचाने की जद्दोजहद के बाद राजकुमार की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें: अंबेडकरनगर में तालाब में मिला 15 वर्षीय किशोर का शव, शनिवार सुबह से था लापता