अमेठी में अज्ञात डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे जगदीशपुर मोड़ के पास एक अज्ञात डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय धर्मपाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार जितेंद्र कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों गंगा स्नान कर घर लौट रहे थे।
अज्ञात डंपर ने बाइक को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज थाना क्षेत्र के टेढ़ी का पुरवा निवासी धर्मपाल यादव और जितेंद्र कुमार पुत्र बलराम यादव मोटरसाइकिल संख्या UP 36 K 2252 से जा रहे थे। इसी दौरान जगदीशपुर मोड़ के पास अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जितेंद्र कुमार को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, धर्मपाल यादव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
अज्ञात डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात डंपर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में चिंता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: पीलीभीत में विधवा महिला की दुकानों पर कब्जे का आरोप, पुलिस अधिकारियों पर भी आरोप