सिंगरौली में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। सिंगरौली जिले के बरगवां अंतर्गत उज्जैनी क्षेत्र में आज दोपहर प्रकृति का कहर बनकर आसमान से आफत बरसी। आकाशीय बिजली गिरने से एक 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
काम से बाहर निकले युवक पर टूटा कहर
जानकारी के अनुसार, यह दुखद हादसा आज दोपहर करीब 2 बजे घटित हुआ। ग्राम उज्जैनी निवासी तुलसीदास कोल (पिता जियालाल कोल) किसी काम से घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से तुलसीदास को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तुलसीदास की मौत की खबर सुनते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई स्तब्ध है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल प्रभाव से आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान की जाए। वहीं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और आगे की विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इलाके में हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें: मदननगर भूमि विवाद पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रशासन और एसईसीएल के खिलाफ की नारेबाजी