22 वर्षीय युवक की चाकू-लाठी से हत्या; 8-10 युवकों ने घेरकर दिया वारदात को अंजाम
कोरबा (छत्तीसगढ़): शहर से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड स्थित रामसागर पारा में रविवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामूली विवाद को लेकर 8 से 10 हथियारबंद युवकों ने 22 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों को युवक पर हमला करते देखा जा सकता है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चाकू, लाठी और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रवि यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। रविवार की देर रात पुरानी दुश्मनी को लेकर आरोपियों और रवि के बीच मामूली विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि 8-10 युवकों ने हाथ में चाकू, लाठी, डंडा और ईंट लेकर रवि पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस घातक हमले में रवि यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद फूटा गुस्सा, आरोपी के घर तोड़फोड़
इस जघन्य हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने मुख्य आरोपी के घर पहुंचकर बाहर खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति को बिगड़ता देख इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
फरार युवकों की तलाश के लिए छापेमारी जारी: ASP पटले
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार युवकों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। शुरुआती जांच में घटना की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है।
यह भी पढ़ेंः मानव तस्करी के बड़े प्रयास का भंडाफोड़, 4 नेपाली लड़कियों का सकुशल रेस्क्यू, 2 तस्कर गिरफ्तार