बलिया के सहतवार क्षेत्र में तिलक समारोह के दौरान व

बलिया में तिलक समारोह के दौरान दोस्तों ने युवक को मारी गोली, एक आरोपी गिरफ्तार

Man Shot During Tilak Ceremony in Ballia, One Accused Arrested

बलिया (उत्तर प्रदेश)। सहतवार थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती महादनपुर में तिलक समारोह के दौरान मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के बाद दो दोस्तों ने अपने ही साथी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मऊ भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

तिलक समारोह में शामिल होने आया युवक

जानकारी के अनुसार, महाराजपुर निवासी अरुण यादव पुत्र नंदलाल यादव पुरानी बस्ती महादनपुर में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आया था। समारोह के दौरान उसकी अपने दोस्तों रितेश पासवान और अमित कुमार राम, निवासी पुरानी बस्ती महादनपुर, से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि दोनों ने अरुण पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उसके सीने में लग गई।

मौके पर पहुंची पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और घायल का उपचार पुलिस की निगरानी में जारी है।

यह भी पढ़ेंः    नरसिंहपुर में पुल के पास ग्रामीण का संदिग्ध हालात में मिला शव, हत्या की आशंका में जांच शुरू