मंदसौर में सनसनी, 17 घंटे से लापता 5 साल का मासूम, नाले में बहने की आशंका से मचा हड़कंप
मध्य प्रदेश : मंदसौर से इस वक्त की सबसे बड़ी और बेहद संवेदनशील खबर सामने आ रही है। शहर के खानपुरा इलाके से लापता हुए पांच वर्षीय मासूम की तलाश लगातार जारी है, लेकिन घटना के करीब 17 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मासूम के लापता होने के बाद से पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर है, जबकि परिवार की चिंता हर गुजरते घंटे के साथ बढ़ती जा रही है।
बारिश के दौरान हुआ लापता, नाले में बहने की आशंका
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम बारिश के दौरान मासूम को आखिरी बार घर के पास स्थित खुले नाले के आसपास देखा गया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव के कारण बच्चा नाले में बह गया हो सकता है। इसी आशंका के आधार पर प्रशासन ने देर शाम से ही बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
देर रात तक पुलिस, नगर पालिका, होमगार्ड और अन्य बचाव दलों की टीमों ने खुले नाले में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। कई किलोमीटर तक नाले की तलाशी ली गई, लेकिन अंधेरा, तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण देर रात अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी रात घटनास्थल पर डटे रहे और हालात पर लगातार नजर बनाए रखी।
सुबह फिर तेज किया गया रेस्क्यू अभियान
सुबह होते ही एक बार फिर प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर पालिका की टीम पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से नाले की सफाई करेगी ताकि मलबे और झाड़ियों को हटाकर सर्च ऑपरेशन को और प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही रेस्क्यू टीम नाले के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी लेगी।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ पर भी जोर
वहीं पुलिस भी सिर्फ रेस्क्यू ऑपरेशन पर ही निर्भर नहीं है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मासूम के लापता होने के पीछे क्या कारण है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं। अधिकारी रेस्क्यू अभियान की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं, ताकि तलाश अभियान में किसी तरह की कमी न रहे।
यह भी पढ़े: बैजनाथ दुबे मामले में गोंडा में सपा का प्रदर्शन, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन