मंदसौर में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद य

मंदसौर में सोशल मीडिया दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग, शादी का झांसा देकर युवती से 15 लाख के जेवर ऐंठे

Mandsaur Blackmail Case: Man Arrested for Allegedly Extorting Gold Jewellery Worth ₹15 Lakh

मंदसौर (मध्य प्रदेश)। में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर युवती को होटल में बुलाया गया और फिर कथित वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया गया। बदनामी के डर का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती से लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवर ले लिए। मामले में वायडी नगर पुलिस ने आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर राजस्थान से करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।

दोनों के बीच इंस्टाग्राम और मोबाइल फोन के जरिए लगातार बातचीत

पुलिस के मुताबिक, मंदसौर निवासी युवती की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के जरिए आरोपी से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम और मोबाइल फोन के जरिए लगातार बातचीत होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी शादी का भरोसा देकर मंदसौर आया और युवती को होटल में बुलाया।आरोप है कि होटल में मुलाकात के बाद आरोपी ने कथित वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

साइबर तकनीक के जरिए आरोपी की पहचान और उसकी लोकेशन खंगाली

वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे रुपये और सोने के जेवर मांगे गए। बदनामी के डर से युवती ने घर में रखे सोने के आभूषण आरोपी को दे दिए।शिकायत मिलने के बाद वायडी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर और साइबर तकनीक के जरिए आरोपी की पहचान और उसकी लोकेशन खंगाली।

अलग नाम और अलग मोबाइल नंबर के जरिए युवती के संपर्क में आरोपी

जांच में पुलिस के सामने यह भी आया, कि आरोपी अलग नाम और अलग मोबाइल नंबर के जरिए युवती के संपर्क में था। आरोप है कि उसने खुद ही होटल का कर्मचारी बनकर भी युवती को धमकाया।जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन गुजरात के सूरत में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कतरगाम इलाके में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी की निशानदेही पर राजस्थान के सिरोही जिले के कानाकोलर गांव पहुंची, जहां से सोने के आभूषण बरामद किए गए।

बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये

बरामद जेवरों में चार सोने की चूड़ियां, चार अंगूठियां, पांच मांदलिया, एक हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन और एक जोड़ी झुमकियां शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में नाबालिग किशोरी को भगाने का आरोपी गिरफ्तार, POCSO और दुष्कर्म की धाराएं बढ़ीं