मंदसौर दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, बुजुर्ग दंपति की हत्या में 3 आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर (मध्य प्रदेश)। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम चांदबर्डा में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी पर भारी पत्थरों से हमला कर वारदात को अंजाम दिया गया था। हमले में पति की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल एक आरोपी ने घटना के बाद आत्महत्या कर ली। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बदमाशों ने भारी पत्थरों से सिर पर किया हमला
दरअसल, 25 अगस्त को चांदबर्डा निवासी एक युवक ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके माता-पिता खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे थे। रात के समय अज्ञात बदमाशों ने भारी पत्थरों से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में पिता की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल मिलीं। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। जांच के दौरान मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां चांदी के भारी आमले पहनती थीं, लेकिन घटना के बाद उनके पैरों से जेवर गायब थे।
पुलिस ने हत्या के साथ लूट के एंगल से शुरू की जांच
इसके बाद पुलिस ने हत्या के साथ लूट के एंगल पर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी संतोषबाई करीब दो साल से अपने पति से अलग रह रही थी और चांदबर्डा में अपने माता-पिता के यहां रहती थी। उसके कान्हा उर्फ करण के साथ प्रेम संबंध बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अपने साथियों पवन और राजेश के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपति को लूटने की योजना बनाई।
सो रहे बुजुर्ग दंपति पर भारी पत्थरों से हमला
आरोप है कि संतोषबाई ने अपने साथियों को जानकारी दी कि देवीलाल और भुलीबाई गांव से दूर खेत में बनी झोपड़ी में अकेले सोते हैं और भुलीबाई चांदी के भारी आमले पहनती हैं। इसके बाद 24 और 25 अगस्त की दरमियानी रात आरोपी झोपड़ी में पहुंचे और सो रहे बुजुर्ग दंपति पर भारी पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में देवीलाल की मौत और भुलीबाई गंभीर रूप से घायल
हमले में देवीलाल की मौत हो गई, जबकि भुलीबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी उनके पैरों से चांदी के आमले निकालकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जांच के दौरान कान्हा उर्फ करण, पवन और संतोषबाई को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में नामजद राजेश ने हत्या और लूट के बाद कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखा और मनासा स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़ें: कोटा ग्रामीण पुलिस की जुआ-सट्टे पर कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार और 15,600 रुपये जब्त