MP News: नशा तस्करों के खिलाफ होगी बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारी के अलावा होगा ये बड़ा एक्शन
मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर में ड्रग माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है. नशे के काले कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर अब कानून का शिकंजा कसता जा रहा है. मंदसौर पुलिस ने SAFEMA एक्ट के तहत एक और ड्रग तस्कर की करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी है.
नशा तस्करों की अवैध कमाई और आर्थिक साम्राज्य किए जाएंगे ध्वस्त
खास बात यह है कि जिले में अब तक नशा तस्करों की करीब 385 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज की जा चुकी हैं, जिनमें वर्ष 2026 में ही लगभग 35 करोड़ रुपये की संपत्तियां शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि अब कार्रवाई सिर्फ तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और आर्थिक साम्राज्य को भी पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा.
अफीम डोडा चूरा और एमडी ड्रग्स तस्करी को लेकर चर्चोंओं में मंदसौर जिला
अफीम की खेती के लिए देशभर में पहचान रखने वाला मंदसौर जिला पिछले कुछ वर्षों से अफीम डोडा चूरा और एमडी ड्रग्स की तस्करी को लेकर भी सुर्खियों में रहा है. अब इस अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए मंदसौर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में पिपलिया थाना क्षेत्र के आरोपी रमेश पोरवाल के खिलाफ SAFEMA एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है. पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी. पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि जिले में अब तक SAFEMA के तहत करीब 385 करोड़ रुपये की संपत्तियां फ्रीज की जा चुकी हैं.
तस्करी के नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ टूड़ने के लिए किया जाएगा यह काम
वहीं साल 2026 में अब तक लगभग 35 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई हो चुकी है. इसके अलावा कई अन्य प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिनमें जल्द ही फ्रीजिंग आदेश मिलने की संभावना है. पुलिस का स्पष्ट कहना है कि केवल तस्करों को जेल भेजना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई पर प्रहार करना भी जरूरी है, ताकि नशे के इस नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ पूरी तरह टूट सके.
क्या है केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 तक भारत को नशा मुक्त बनाना है. इसी उद्देश्य से पुलिस लगातार कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई कर रही है. उन्होंने नशे को समाज और परिवार दोनों के लिए घातक बताते हुए आम लोगों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- Bihar News: मिठाइयों के शौकीन हो जाएं सावधान, हो रहा आपकी जिंदगी से खिलवाड़