इस साल मई में तीन सीमावर्ती गांवों पर हुए हमले की जांच हो रहीः गोविंदास कोंथौजम
इम्फाल (मणिपुर)। मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने सोमवार को राज्य विधानसभा को सूचित किया कि राज्य पुलिस कामजोंग जिले के तीन सीमावर्ती गांवों पर सशस्त्र आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले की जांच कर रही है। इस साल 7 मई को म्यांमार की सीमा से लगे कामजोंग जिले के जेड चोरो, नामली और वांगली गांवों पर सशस्त्र आतंकवादियों ने हमला किया था। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये गांव अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब स्थित हैं।
आतंकवादियों के हमले में 23 घर जलकर राख
कांग्रेस विधायक के रणजीत सिंह द्वारा उठाए गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए गृह मंत्री ने बताया कि आतंकवादियों के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया और 23 घर जलकर राख हो गए। गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी गांवों में हुए नुकसान का आकलन कर लिया है और कुल नुकसान 5 करोड़ रुपये से अधिक का है। उन्होंने कहा कि घरों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। गोविंदास कोंथौजम ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने कुछ विधायकों के साथ राहत सामग्री लेकर सीमावर्ती गांवों का दौरा किया था।
घटना के बाद इलाके में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था
उन्होंने कहा कि ये गांव सुदूर इलाकों में स्थित हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद इलाके में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। म्यांमार स्थित विद्रोही समूह केएनएफ (बी) की इस हमले और आगजनी में संलिप्तता के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि जांच अभी जारी है और इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी कि उक्त उग्रवादी समूह इसमें शामिल था या नहीं। (इनपुटः ANI)
यह भी पढ़ेंः मंगलवार को अपनाएं ये उपाय, हनुमान जी की कृपा से दूर होंगें संकट